ऐप खोलें

Lagat › मकान का बजट कैसे बनाएँ

मकान बनाने का बजट कैसे बनाएँ

बजट का मक़सद यह अंदाज़ा लगाना नहीं है कि मकान कितने में बनेगा। मक़सद यह है कि जिस महीने आप तय रकम से आगे निकलने लगें, उसी महीने आपको पता चल जाए — न कि तब, जब पैसा ख़त्म हो चुका हो और छत बाक़ी हो।

क़दम 1 — एक कुल रकम से शुरू कीजिए

शुरुआत सीधी है: बिल्ट-अप एरिया × भाव। भाव वही लीजिए जो आपके अपने शहर में असल में चल रहा है, और यह तय कर लीजिए कि उसमें क्या शामिल है। यह गणित और उसकी बारीक़ियाँ प्रति स्क्वायर फ़ीट वाले पन्ने पर विस्तार से हैं।

यह पहला आँकड़ा कच्चा होगा और होना भी चाहिए। इसे पत्थर की लकीर मत मानिए — काम बढ़ने के साथ यह ठीक होता जाएगा।

क़दम 2 — मदों में बाँटिए

यहीं बजट काम का बनता है। एक कुल संख्या से कुछ पता नहीं चलता; मदों में बँटी हुई संख्या बताती है कि गड़बड़ कहाँ हो रही है।

मदक्या इसमें आता है
सामग्रीसीमेंट, ईंट, रेत, बजरी, सरिया, टाइल, लकड़ी, पेंट
मज़दूरीदिहाड़ी मज़दूर और मिस्त्री
ठेकेदारसिविल, बढ़ई, पेंटर, मार्बल — तय रकम पर
बिजलीवायरिंग, सामान, ठेकेदार
प्लंबिंगपाइप, सैनिटरी सामान, ठेकेदार
ढुलाई व किरायाट्रॉली, टैंकर, शटरिंग, मिक्सर, लिफ़्ट
क़ानूनी व शुल्कनक्शा, पास कराना, कनेक्शन
विविधचाय-पानी, छोटा हार्डवेयर, पूजा

हर मद के आगे एक सीमा लिख दीजिए। सीमा का जोड़ आपके कुल बजट से मेल खाना चाहिए। शुरुआत में यह बँटवारा अंदाज़े का होगा — कोई बात नहीं, दो महीने का असली खर्च आते ही यह अपने आप सुधर जाएगा।

सामग्री और मज़दूरी की सीमा अलग रखिए ये दोनों बिल्कुल अलग तरह से बढ़ते हैं। सामग्री भाव चढ़ने से बढ़ती है, मज़दूरी काम खिंचने से। दोनों को एक मद में रखने पर यह पता ही नहीं चलता कि बजट किस वजह से टूटा।

क़दम 3 — आकस्मिक राशि अलग रखिए

कुल का दस से पंद्रह प्रतिशत अलग रख दीजिए और उसे बजट का हिस्सा मत मानिए। मकान में कुछ न कुछ बढ़ता ही है — सरिया का भाव चढ़ जाता है, बीच में एक कमरा बढ़ जाता है, नींव खोदने पर कुछ निकल आता है, बारिश से काम रुक जाता है और किराए का सामान महीने भर और पड़ा रहता है।

यह राशि अलग रखी हो तो ऐसा बदलाव एक फ़ैसला होता है। न रखी हो तो वही बदलाव संकट बन जाता है और काम बीच में रुकता है — जो सबसे महँगी चीज़ है, क्योंकि रुका हुआ काम दोबारा शुरू करने में मज़दूर और ठेकेदार दोनों नए सिरे से जुटाने पड़ते हैं।

क़दम 4 — पैसा कहाँ से आएगा, यह भी लिखिए

बजट का आधा हिस्सा यह है कि खर्च कितना होगा। बाक़ी आधा यह कि पैसा कब और कहाँ से आएगा। दोनों अलग-अलग चीज़ें हैं और मकान अक्सर दूसरी वजह से रुकता है, पहली से नहीं।

हर स्रोत के आगे दो संख्याएँ लिखिए — कितना तय है और कितना अब तक हाथ में आया:

स्रोततयअब तक मिला
अपनी बचत15,00,00015,00,000
बैंक लोन20,00,0008,00,000
भाई से3,00,0000

ऊपर की मिसाल में कुल ₹38 लाख का इंतज़ाम है, पर हाथ में अभी ₹23 लाख हैं। अगर अगले दो महीने का काम ₹25 लाख का है, तो दिक़्क़त बजट की नहीं, समय की है — और यह बात पहले से पता होनी चाहिए, तब नहीं जब मिस्त्री पैसा माँग रहा हो।

क़दम 5 — हर महीने मिलाइए

यह वह क़दम है जो लोग छोड़ देते हैं, और इसी के बिना पूरा बजट बेकार हो जाता है।

महीने के आख़िर में हर मद के सामने तीन संख्याएँ रखिए — तय सीमा, अब तक खर्च, बचा हुआ। जहाँ बचा हुआ तेज़ी से घट रहा हो, वहीं आगे ध्यान देना है।

मिसाल के लिए, अगर ढाँचा आधा बना है और सामग्री की सीमा का ७० प्रतिशत खर्च हो चुका है, तो यह इशारा है — या तो भाव बढ़े हैं, या ख़रीद में कहीं रिसाव है। यह बात तीसरे महीने पता चले तो सँभल सकती है; आठवें महीने पता चले तो सिर्फ़ अफ़सोस बचता है।

बजट टूटने की तीन आम वजहें

  1. बीच में डिज़ाइन बदलना। एक दीवार हटाना या बाथरूम बड़ा करना सुनने में छोटा लगता है, पर बना हुआ तोड़कर दोबारा बनाने में दुगुना लगता है। बदलाव नींव से पहले सस्ते हैं, प्लास्टर के बाद महँगे।
  2. फ़िनिशिंग में बहाव। ढाँचे का खर्च लगभग तय होता है; टाइल, दरवाज़े, रसोई और फ़िटिंग में हर बार "थोड़ा अच्छा ले लेते हैं" होता है। यहीं बजट सबसे ज़्यादा टूटता है, इसलिए फ़िनिशिंग की सीमा शुरू में ही लिख लीजिए।
  3. काम का खिंचना। हर बढ़ा हुआ महीना किराए का सामान, सुपरवाइज़र और चौकीदारी लेकर आता है — भले ही उस महीने कोई बड़ी ख़रीद न हो।

अक्सर पूछे जाने वाले सवाल

ज़मीन की क़ीमत बजट में जोड़ूँ?

पैसे के इंतज़ाम में हाँ — वह पैसा भी तो लगाना है। पर निर्माण के बजट में अलग रखिए, वरना प्रति फुट लागत बहुत ऊँची दिखेगी और किसी से तुलना करने लायक़ नहीं रहेगी।

बजट कितनी बार बदलूँ?

जब भी कोई बड़ी बात बदले — डिज़ाइन बदला, एक मंज़िल जुड़ी, या किसी मद का भाव साफ़ तौर पर ऊपर चला गया। हर महीने आँकड़े इधर-उधर करने की ज़रूरत नहीं; बजट तभी काम का रहता है जब वह थोड़ा स्थिर हो।

लोन की क़िस्त भी बजट में गिनूँ?

निर्माण लागत में नहीं — वह मकान बनाने का खर्च नहीं, पैसे का खर्च है। पर अपने महीने के हिसाब में ज़रूर रखिए, क्योंकि निर्माण के दौरान ही क़िस्त शुरू हो जाती है और वही सबसे ज़्यादा दबाव बनाती है।

Lagat में बजट

क्षेत्रफल और भाव से कुल बजट, हर मद की अपनी सीमा, और तय बनाम अब तक खर्च साथ-साथ। पैसे के इंतज़ाम में हर स्रोत के आगे यह भी दर्ज होता है कि कितना तय है और कितना हाथ में आ चुका है। एक व्यक्ति के लिए हमेशा मुफ़्त।